मथौली। कस्बा के एसडीडी स्कूल के पास सोमवार की देर शाम टेंपो और बाइक में भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए। मौजूद लोगों ने घायलों को 108 एंबुलेंस से सीएचसी मथौली भेजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने दो घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
ग्राम सभा मठिया उर्फ अकटहा निवासी विशाल मिश्रा (18) बाइक से हाटा जा रहे थे। अभी वे कस्बा के एसडीडी स्कूल के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रहे टेंपो से आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस घटना में बाइक चालक विशाल का दाहिना पैर टूट गया। वहीं टैंम्पों में सवार हरपुर बरवा निवासी गोल्डी पत्नी टोनू (27), सड़क के किनारे सवारी का इंतजार कर रही मठिया उर्फ अकटहा निवासी रीतू (25) और उनकी बेटी पायल (4) घायल हो गईं। मौजूद लोगों ने सभी घायलों को एंबुलेंस से मथौली सीएचसी भेजवाया, प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने विशाल व गोल्डी की स्थिति गंभीर देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उनका इलाज चल रहा है।