पडरौना। लोकसभा चुनाव को लेकर मास्टर ट्रेनरों का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अब मतदान कार्मिंकों का प्रथम चरण का चार दिवसीय प्रशिक्षण मंगलवार से शुरू होगा। नगर के उदित नारायण इंटर काॅलेज में होने वाले प्रशिक्षण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तैयारियां तेज कर दी गई हैं। प्रथम चरण में 23 से 26 अप्रैल और द्वितीय चरण में 20 से 26 मई तक प्रशिक्षण चलेगा। पहले चरण में पीठासीन अधिकारियों को दो शिफ्ट में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए कलेक्ट्रेट सभागार में प्रशिक्षित 102 मास्टर ट्रेनर चुनाव कार्य से जुटे कर्मचारियों को प्रशिक्षित करेंगे। इसमें ईवीएम से लेकर सारी जानकारियां व आयोग के दिशा निर्देशों के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसमें पीठासीन अधिकारी, मतदान अधिकारी प्रथम के मतदान कर्मी शामिल होंगे। पहले चरण में 3585 मतदान कर्मचारियों को बुलाया गया है। इसमें पहले शिफ्ट में 897 और दूसरे में 896 पीठासीन अधिकारी मौजूद रहेंगे। कॉलेज के करीब 30 कक्ष में होने वाले प्रशिक्षण के प्रत्येक कक्ष में तीन-तीन मास्टर ट्रेनर लगाए गए हैं। दायित्वों के अलावा प्रशिक्षण में मतदान सामग्री, ईवीएम, माकपोल, मशीन सील करना, वोटिंग क्लोज करना तथा पत्रक पर हस्ताक्षर करने सहित मतदान प्रक्रियाओं का बारीकी से प्रशिक्षण दिया गया। यदि कोई ईवीएम में अचानक खराबी आ जाए, तो क्या करना आदि के बारे में विस्तार से बताया जाएगा। दो मास्टर ट्रेनर समझाएंगे तो एक मास्टर ट्रेनर पूर्वाभ्यास कराएंगे।