पटहेरवा। पटहेरवा थाने की पुलिस ने एक पिकअप से चार प्रतिबंधित पशुओं को बरामद करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पिकअप को कब्जे में लेकर पुलिस तस्कर के खिलाफ गोवध निवारण और पशु क्रूरता की धाराओं में केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।
इंस्पेक्टर राकेश रोशन सिंह ने बताया कि पुलिस टीम एसआई धीरेन्द्र वर्मा, उमेश यादव, कांस्टेबल सोहित यादव, अर्जुन खरवार के साथ बृहस्पतिवार की सुबह हाईवे पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान पुलिस की गाड़ी देख एक पिकअप फोरलेन से तेजी से उतरकर महुअवा-पिपरा कनक लिंक रोड पर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा कर पिकअप को रोक लिया। तलाशी लेने के दौरान उसमें चार प्रतिबंधित पशु मिले। पिकअप में सवार एक तस्कर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पूछताछ में उसकी पहचान असलम निवासी परसौनी पांडेयपट्टी थाना पटहेरवा के रूप में हुई। पुलिस पिकअप को कब्जे में लेकर पशुओं को मुक्त कराते हुए तस्कर के खिलाफ पशु क्रूरता और गोवध निवारण की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
मारपीट के मामले में सात के खिलाफ केस
तरयासुजान। बांकखास निवासी अनिल कुमार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि वह 26 जून की दोपहर दो बजे के करीब बाइक से सिसवा नाहर बाजार जा रहे थे। तभी गुलाब निवासी बांकखास दरवाजे के ठीक सामने रास्ते पर बोलेरो खड़ी कर शराब पी रहे थे। आवागमन प्रभावित होने के कारण गाड़ी हटाने का निवेदन किया तो गुलाब समेत उनके साथ रहे नरसिंह, बहारन, बटुलिया, नरलसह, मैना, चंदा, रानी ने मिलकर अमर्यादित शब्दों का प्रयोग करते हुए उनके साथ मारपीट की। शोर मचाने पर गुलाब ने उनके सिर पर लोहे की रॉड से वार कर घायल कर दिया। गांव के लोगों ने बीच-बचाव किया, जिसके बाद उनकी जान बच सकी। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। एसओ आशुतोष सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संवाद
ससुराल वालों पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप, नौ पर केस
पडरौना। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के टेढ़ी निवासी अलीशेर की पुत्री राविया खातुन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि बुधवार को उसके ससुराल में पति, ससुर, देवर, ननद और पट्टीदारों ने रणनीति बनाकर उनके साथ भाई की भी बेरहमी से पिटाई कर घायल कर दिया। महिला का आरोप है कि आये दिन ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करते है। विरोध करने पर वह मारपीट करते हैं। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति अब्बास अंसारी, मुख्तार, अलीहुसैन, साहब, रियाजउद्दीन, हबीबुन निशा, सलीमुन, मंजूर व एक अन्य के खिलाफ मारपीट के मामले में केस दर्ज किया है।। इंस्पेक्टर हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर नौ आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। संवाद
संदिग्ध हालात में किशोरी की मौत
तुर्कपटी। थाना क्षेत्र के ग्राम छहूं में बृहस्पतिवार को किशोरी की पंखे से लटककर जान दे दी। घर वालों में चीख-पुकार मच गई। छहूं गांव निवासी राजेश की 16 वर्षीय बेटी ज्योति रोज की तरह सिलाई सीखने तुर्कपट्टी बाजार गई थी। वह दोपहर करीब 3 बजे घर पहुंची। शाम करीब 4 बजे कमरे में उसका शव पंखे से लटक रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गांव में चर्चा है कि परिजनों की डांट से नाराज किशोरी ने आत्मघाती कदम उठाया है। थानाध्यक्ष राजेश गौतम ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
वारंटी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
पडरौना। विशुनपुरा थाने की पुलिस ने वारंटी अभियुक्त केदार निवासी बांसगांव टोला जमुआन थाना विशुनपुरा को गिरफ्तार किया है। आराेपी की काफी दिनों से पुलिस तलाश में थी। गिरफ्तार करने वाली टीम में एसओ रामसहाय चौहान, एसआई अजय कुमार सिंह व मुकेश कुमार शामिल रहे। संवाद
मेडिकल कॉलेज में अधेड़ की मौत
पडरौना। पलिया गांव निवासी 45 वर्षीय बृजेश मिश्रा अक्सर मेडिकल कॉलेज में दिखता था। बृहस्पतिवार को दोपहर में उसकी मौत हो गई। इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों के मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी होने पर परिजन पहुंचे और चीख-पुकार मच गई। घर वाले बृजेश की मौत की वजह संदिग्ध बता रहे हैं। रविंद्र नगर इंस्पेक्टर ने बताया कि घर वाले शव लेकर चले गए। संवाद
सभी थानों में शांति कमेटी की हुई बैठक
पडरौना। एसपी धवल जायसवाल के निर्देश पर बृहस्पतिवार को जिले के सभी थानों में शांति कमेटी की बैठक हुई। इसमें मोहर्रम और श्रावण मास को सकुशल संपन्न कराने को लेकर पुलिस व आम लोगों के बीच चर्चा हुई। बैठक में गणमान्य व्यक्तियों, धर्मगुरुओं, जनप्रतिनिधियों व समाजसेवियों से एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करने, शांति व्यवस्था बनाए रखने की बात कही गई। साथ ही साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों की सूचना देने, अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की बात कही गई। संवाद