निर्वमान सभासद अजीत सिंह की फाइल फोटो ।संवाद
घटना के वक्त पत्नी गई थीं मंदिर, पुलिस नेकब्जे में ली बंदूक
-आर्थिक समस्या और माता-पिता की बीमारी को लेकर थे तनाव में अजीत सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी
खड्डा (कुशीनगर)। कस्बे में पूर्व सभासद ने सोमवार की सुबह घर में चाचा की लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर खुदकुशी कर ली। आत्महत्या की वजह आर्थिक समस्या और माता-पिता की बीमारी से मानसिक तनाव में आना बताया जा रहा है। पुलिस बंदूक को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल कर रही है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइंस निवासी अजीत सिंह उर्फ बुच्चन (30) सुबह अपने कमरे में थे। पत्नी संध्या सिंह मंदिर गई थीं। घर में दस वर्षीय बेटा शौर्य था। अजीत के बीमार माता-पिता व अन्य लोग अपने कमरे में थे। इसी दरम्यान चाचा की दोनाली बंदूक लेकर वह छत पर बने स्टोर रूम में चले गए। उनके पीछे बेटा शौर्य भी पहुंच गया। अजीत ने उसे पानी लाने को कहकर नीचे भेज दिया। तभी गोली चलने की आवाज सुनकर उनका भतीजा लालू दौड़कर ऊपर पहुंचा। वहां अजीत के सिर का आधा हिस्सा उड़ गया था।
खून से लथपथ शव फर्श पर पड़ा था। लालू के शोर मचाने पर लोग मौके पर पहुंचे। दृश्य देखकर हक्का-बक्का रह गए। पूजा करके लौटी पत्नी और परिजनों की चीत्कार घर में गूंजने लगी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बंदूक को कब्जे में लिया और जांच पड़ताल की। घरवालों ने बताया कि अजीत के पिता दिनेश सिंह के लिवर का ऑपरेशन हुआ है। मां लक्ष्मी देवी हृदय रोग से पीड़ित हैं। दोनों के इलाज और घर की जिम्मेदारियों की वजह से अजीत आर्थिक समस्या को लेकर कुछ महीने से मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे।
उनका गोरखपुर में इलाज भी चल रहा था, लेकिन अचानक उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। खड्डा थाने के प्रभारी निरीक्षक अमित शर्मा का कहना है कि आर्थिक समस्या की वजह से तनाव में कदम उठाने की बात सामने आ रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।