जानलेवा हमला करने से घायल वन दरोगा रामअधार गोंड़।
जौरा बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के ग्राम दहारीपट्टी के टोला अहिरटोली स्थित जंगल में सोमवार की दोपहर पेड़ काटने से मना करने से नाराज गांव के दो लोगों ने वन दरोगा पर हमला कर दिया। सूचना पर पहुंचे अन्य वन कर्मी उन्हें नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए। उनका उपचार चल रहा है।
दोपहर वन दरोगा रामअधार गोंड़ सहयोगी देवदत्त यादव, धरीछन, लालजी के साथ हारीपट्टी अहिरटोली जंगल में गश्त पर थे। गश्त के दौरान एक गांव के कुछ लोग पेड़ काट कर लकड़ी को ठिकाने लगाने में जुटे थे। वन कर्मी काटे गए पेड़ को कब्जे में लेकर पूछताछ करने लगे। वहां मौजूद दो लोगों ने वन कर्मियों पर हाॅकी से हमला कर उन्हें घायल कर दिया। सूचना पर पहुंचे अन्य वन कर्मियाें ने घायल वन दरोगा समेत अन्य को फाजिलनगर सीएचसी पहुंचाया। इलाज के बाद वन दरोगा ने तुर्कपट्टी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस जांच में जुटी है।