पडरौना। यूपी बोर्ड की परीक्षाओं के दौरान इस बार जिले में पहली बार स्ट्रांग रूम में डबल लॉक वाली तीन नहीं चार अलमारियां होंगी। चौथी अलमारी में आकस्मिक स्थिति के लिए प्रश्नपत्रों का अतिरिक्त सेट रखा जाएगा। ताकि, पेपर लीक जैसी घटना होने पर तत्काल छात्रों को अतिरिक्त सेट देकर परीक्षाएं संपन्न कराई जाएं। स्ट्रांग रूम एवं उसके अंदर रखी गईं चारों डबल लॉक वाली अलमारियां 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेंगी। डीआईओएस श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि मुख्य सचिव की ओर से निर्देश जारी किया गया है कि फिर से परीक्षा की आकस्मिक स्थिति में प्रश्नपत्र के एक अतिरिक्त सेट की व्यवस्था की जाए। ऐसे में परीक्षा केंद्र के स्ट्रांग रूम में पहले से ही प्रश्नपत्रों का अतिरिक्त सेट रखने की आवश्यकता है। इसके लिए अतिरिक्त सेट सीधे जिला विद्यालय निरीक्षक को कार्यदायी संस्था की ओर से उपलब्ध कराए जाएंगे और जिला विद्यालय निरीक्षक इसे अपनी अभिरक्षा में जिला स्तर पर स्थापित पुलिस सुरक्षा युक्त स्ट्रांग रूम में रखवा देंगे। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त सेट को केंद्र व्यवस्थापक, वाह्य केंद्र व्यवस्थापक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट एवं संबंधित थानाध्यक्ष या उनकी ओर से नामित सब इंस्पेक्टर की उपस्थिति में डबल लॉक वाली अलमारी में रखवाकर सीलबंद की जाएगी। इस अलमारी को ऊपर नीचे एवं मध्य में सील किया जाएगा।