पडरौना। खाद्य सुरक्ष अधिकारी सच्चिदानंद ने सोमवार को पडरौना में नकली खाद्य पदार्थ व मिलावटी सामान की बाजार में तेजी से हो रही बिक्री पर रोक लगाने के लिए छापा मारा। उन्होंने माॅडर्न मिल्क आइसक्रीम फैक्ट्री सहित आधा दर्जन दुकानों पर छापा मारकर वहां से नमूने एकत्र किए और राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजा।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी के साथ टीम ने पडरौना क्षेत्र के परसौनी स्थित मॉडर्न मिल्क आइसक्रीम फैक्ट्री पहुंचकर लाइसेंस सहित जरूरी कागजात की जांच की। इसके बाद आइसक्रीम बनाने में प्रयुक्त होने वाले खाद्य पदार्थों का गहनता से निरीक्षण किया और साफ-सफाई की कड़ी चेतावनी दी। संदेह होने पर कस्टर्ड पाउडर व सेक्रीन सहित कई अन्य खाद्य पदार्थों का नमूना लेकर जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला लखनऊ भेजा। उन्होंने कहा कि आइसक्रीम में चीनी का प्रयोग किया जाए, सेक्रीन का प्रयोग प्रतिबंधित है। यह बहुत नुकसानदायक है। इससे गले को खतरा रहता है। गले की बीमारियां होती हैं। इसके बाद उन्होंने गृहस्थी सहित अन्य किराना व मिठाई के दुकानों पर छापा मारा। एक्सपायरी डेट का सामान न रखने की हिदायत दी और कहा कि बिना लाइसेंस खाद्य पदार्थों का निर्माण करने पर दो लाख रुपये तक का जुर्माना का प्रावधान है। संवाद