पडरौना। गरीबों का अनाज हड़पने के आरोप में गोपालपुर गांव के कोटेदार पर पूर्ति निरीक्षक ने केस दर्ज कराया है। कार्ड धारकों की शिकायत पर हुई जांच में अनाज में गोलमाल पर यह कार्रवाई हुई है। ग्राम पंचायत के दूसरे कोटेदार के साथ दुकान को संबद्ध कर दिया गया है।
सदर ब्लॉक के गोपालपुर गांव के कोटेदार हबीबुनकार्डधारकों को राशन नहीं दे रहा था। गांव वालों ने इसकी शिकायत सदर एसडीएम व्यास नारायण उमराव से की। एसडीएम के आदेश पर पूर्ति निरीक्षक अभिषेक सिंह जांच के लिए कोटेदार की दुकान पर पहुंचे। स्टॉक और गोदाम के मिलान के दौरान 19 क्विंटल गेहूं, 18 क्विंटल चावल और 15 किलो चीनी कम मिली। कोटेदार ने कार्ड धारकों में राशन वितरण होने का दावा करने लगा। कोटेदार की ओर से कार्ड धारकों की दी गई सूची के आधार पर पूर्ति निरीक्षक ने कार्ड धारकों का बयान लिया तो पता चला कि कार्डधारकों को अनाज नहीं दिया गया है और कोटेदार ने अनाज बेच दिया है। इस मामले में डीएम के निर्देश पर पूर्ति निरीक्षक ने कोटेदार के विरुद्ध रवींद्रनगर थाने में केस दर्ज कराया है। सीओ सदर अभिषेक प्रताप अजेय ने बताया कि कोटेदार द्वारा अनाज बेचने का मामला आया है। पडरौना पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर कोटेदार के विरुद्ध केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।