पडरौना (ब्यूरो)। शुक्रवार को हुई झमाझम बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से जहां राहत मिली है, वहीं जगह- जगह जल जमाव से लोगों को आवागमन में दिक्कते हुई। जल निकासी की समस्या को लोग कोसते नजर आए। बारिश के दौरान करीब दो घंटे तक शहर मे आवागमन भी ठप रहा है। लोग बारिश से बचने के लिए दुकानों और घरो में दुबके नजर आए।
दो दिनों से हो रही बारिश से मौसम खुशनुमा हो गया है। बारिश ने किसानों को भी राहत दी है। उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को बारिश से काफी राहत मिली है। वहीं दूसरी ओर शहर के कई मोहल्लों में बारिश का पानी भर गया, इससे लोगों की दुश्वारियां बढ़ गई। सड़कों की पटरियां कीचड़ से सनी हुई हैं। इसके चलते राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के राईनी मोहल्ला, टाकिज रोड, गोलबंर, वीर अब्दुल हमीदनगर, सिंचाई विभाग कॉलोनी, अंबेडकरनगर, कानू टोला मोहल्ले में नालियां उफनाकर सड़कों पर बहने लगी। इन मोहल्लों के कई घरों में पानी भी घुस गया। जिससे लोगों को दुश्वारियों का सामना करना पड़ा। शाम के वक्त जैसे ही बारिश थोड़ी धीमी हुई, तो लोग भी बाजारों की ओर चल दिए। सब्जी इत्यादि सामानों की खरीदारी कर लोग जल्दी ही घर को लौट गए। बरसात का हर कोई लुत्फ उठा रहा है, लेकिन दिहाड़ी मजदूरी करने वालों के लिए दिक्कत खड़ी हो गई है। दिहाड़ी मजदूरों के लिए यह बारिश परेशानी का सबब है। बारिश की वजह से काम बंद हो गए हैं। जिसके चलते उन्हें काम नहीं मिल पा रहा है। बारिश के चलते रैन कोट व छाते के दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे। बरसात के कारण रेनकोट व छाते आदि की बिक्री में जबरदस्त वृद्धि देखने को मिली। शुक्रवार को शहर में प्लास्टिक, छाते व रैन कोट की खरीदारी के लिए दुकानों पर भीड़ लगी रही। लोग बरसात से बचाव के लिए जरूरी सामान खरीदते नजर आए।