कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने देर रात बभनौली स्थित गन्ना अनुसंधान केंद्र व सरगटिया स्थित कृष?
- फोटो : KUSHINAGAR
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने बुधवार की देर रात गेंदा सिंह गन्ना अनुसंधान संस्थान, कृषि विज्ञान केंद्र व भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान बभनौली का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पहले गन्ना अनुसंधान संस्थान को देखा और वहां परिसर में गंदगी देखकर काफी नाराज हुए।
उन्होंने केंद्र प्रभारी से पूछताछ के बाद सफाई में लापरवाही की वजह से 24 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का अगले आदेश तक वेतन बाधित करने का निर्देश दिया। किसानों की मांग पर उन्होंने शीघ्र ही एडिशनल निदेशक की तैनाती का आश्वासन दिया।
शासन से दो करोड़ रुपये का बजट गेंदा सिंह गन्ना अनुसंधान संस्थान के कायाकल्प के लिए जारी हुआ था, लेकिन इस धन का सही उपयोग नहीं किया गया। कृषि मंत्री ने कहा कि किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इसके बाद उन्होंने कृषि विज्ञान केंद्र और भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान का जायजा लिया। केंद्र प्रभारी डॉ. अशोक राय और डॉ. विकास सिंह ने जानकारी लेते हुए वहां की समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस दौरान उनके साथ माहेश्वर प्रताप शाही व गन्ना अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. कमल किशोर साहू सहित अन्य लोग मौजूद रहे।