खड्डा। खड्डा-नेबुआ मार्ग पर मठिया गांव के समीप रविवार सुबह ओवरटेकिंग के दौरान दो ट्रक आपस में टकरा गए। चपेट में आने से एक बाइक पर सवार दो मासूम समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों में मुख्तार अली, उनकी बहनें खुशबू और सबीवुन, खुशबू की दो वर्षीय बेटी सोनम और मुख्तार का सात वर्षीय बेटा इरफान शामिल हैं। मुख्तार अली अपनी बहनों को मठिया बस स्टैंड छोड़ने जा रहे थे। इस दौरान यह हादसा हुआ। हादसे में सात वर्षीय इरफान को सबसे ज्यादा चोटें आईं। उसके पैर में फ्रैक्चर और सिर में गंभीर चोट बताई जा रही है। दो वर्षीय सोनम के सिर और चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई हैं। खुशबू के पैर में गंभीर चोट लगी है, जबकि सवीबुन के हाथ और पैर में चोटें आई हैं। बाइक चला रहे मुख्तार अली के पैर में चोट लगी है। ग्रामीणों ने एंबुलेंस बुलाकर घायलों को सीएचसी तुर्कहा पहुंचाया। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद इरफान को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। अन्य चार घायलों का इलाज सीएचसी में चल रहा है। पुलिस वाहनों की पहचान कर आगे की कार्रवाई में जुटी है। संवाद