रामकोला। थाना क्षेत्र के मथौली रोड उर्दहा शिव मंदिर के समीप रविवार की रात पुलिस टीम ने दो पिकअप से आठ पशुओं को मुक्त कराते हुए अंतरराज्यीय पशु तस्कर गैंग के पांच गुर्गाें को गिरफ्तार कर लिया। वाहनों की जांच के दौरान पुलिस टीम को यह कामयाबी मिली। पांचों पशु तस्कर पश्चिमी चंपारण बिहार के रहने वाले हैं। पुलिस ने गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर उन्हें कोर्ट में पेश किया, जहां से वे जेल भेज दिए गए। मुक्त कराए गए पशुओं को खड्डा के पशु आश्रय स्थल कोप जंगल को सुपुर्द कर दिया गया।
रामकोला एसएचओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि थाने के एसआई आशीष कुमार बारी, मनोज द्विवेदी, हेड कांस्टेबल बिजली सिंह, राकेश गोंड, हिमांशु सिंह गश्त पर थे और वह रामकोला-मथौली मार्ग पर वाहनों की जांच कर रहे थे। उन्हें सूचना मिली कि दो पिकअप से प्रतिबंधित पशुओं की खेप प. बंगाल ले जाई जा रही है। सक्रिय हुई पुलिस टीम ने गश्त बढ़ा दी। तभी दो पिकअप आते दिखे। घेराबंदी कर पुलिस टीम ने दोनों पिकअप को रोक लिया और उसकी तलाशी ली तो आठ प्रतिबंधित पशु लदे मिले। दोनों वाहनों में सवार पांच पशु तस्करों को पुलिस ने धर दबोचा।
पूछताछ में तस्करों की पहचान राजेश चौधरी निवासी गांधीनगर, रामधनी यादव निवासी खर पोखरा थाना बगहा, पुन्नी यादव निवासी भगवनापुर, जनार्दन यादव मरचहा थाना धनहा और मुन्ना कुमार यादव निवासी शेरवा मुस्की थाना मटिहीनिया जिला पश्चिमी चंपारण बिहार के रूप में हुई। तस्करों ने बताया कि वे बिहार के रास्ते पशुओं की खेप को ले जाकर प. बंगाल में बेच देते हैं। इस कार्य में उन्हें मोटी रकम मिलती है। पुलिस ने पांचों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम समेत गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर सभी को जेल भिजवा दिया। एचएसओ विनय कुमार सिंह ने बताया कि पशु तस्करों ने नया तरीका अपनाते हुए गांव में घूम-घूमकर प्रतिबंधित पशुओं को कम दाम पर खरीद लेते हैं और प. बंगाल ले जाकर बेच देते हैं। इसके एवज में उन्हें मोटी रकम मिलती है। सभी के खिलाफ केस दर्ज कर उन्हें जेल भिजवा दिया गया है।