एम्स थाना क्षेत्र में नंदानगर पुलिस चौकी से 200 मीटर आगे शुक्रवार दोपहर बार क्षमता से अधिक बच्चों को लेकर जा रहा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में आर्मी पब्लिक स्कूल के पांच बच्चे घायल हो गए। घायलों में वेदांशु सिंह को एयरफोर्स अस्पताल जबकि अमन यादव और अयांश यादव को एम्स में भर्ती कराया गया है। दो बच्चों को मामूली चोट लगने पर परिजन अपने साथ घर ले गए।
बताया गया कि शुक्रवार को स्कूल की छुट्टी होने के बाद करीब 10 बच्चे ऑटो से अपने घर जा रहे थे। नंदानगर पुलिस चौकी से कुछ दूरी आगे पहुंचते ही ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद बच्चों में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने बच्चों को ऑटो से बाहर निकाला और घटना की जानकारी उनके परिजन को दी।
हादसे में वेदांशु सिंह, अमन यादव, अयांश यादव, आर्शी समेत पांच बच्चे घायल हुए। वेदांशु को एयरफोर्स अस्पताल और अमन व अयांश को एम्स में भर्ती कराया गया। आर्शी के सिर में मामूली चोट थी, इसलिए परिजन उसे अपने साथ ले गए। अन्य घायल बच्चों को भी प्राथमिक उपचार दिया गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शहर में प्रतिबंधित काले रंग के ऑटो के संचालन को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इसके बावजूद ऐसे ऑटो सड़कों पर चलते दिखाई देते हैं। हादसे के बाद ऑटो के संचालन और यातायात व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं। थाना प्रभारी महेंद्र पांडेय ने बताया कि घायलों का इलाज कराया गया है। सभी बच्चे सुरक्षित हैं।