आग से छह झोपड़ियां जलीं, गृृहस्थी का सामान और नकदी जलकर नष्ट
दस एकड़ जली गेहूं की फसल, ग्रामीणों को करना पड़ा अथक परिश्रम
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। पछुआ हवा का तांडव धीरे-धीरे बढ़ता ही जा रहा है। कहीं शार्टसर्किट तो कहीं अन्य कारणों से झोपड़ी और गेहूं की फसलें जलकर नष्ट हुई हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर जनपद में छह झोपड़ियां जली हैं, जिनमें रखा गृहस्थी का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया है। कुछ मवेशी भी झुलसे हैं। इसके अलावा करीब दस एकड़ गेहूं की फसल भी जलकर राख हो गई है। दुदही प्रतिनिधि के अनुसार विशुनपुरा थाना क्षेत्र के चाफ गांव में शनिवार की रात तकरीबन आठ बजे अचानक आग लगने से चार लोगों का झोपड़ियां जल गईं। उसमें रखे एक लाख दस हजार रुपये और दो बकरियां भी जल गईं। इसके अलावा फूस के घरों में रखे गृहस्थी के सामान जलकर नष्ट हो गए हैं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। फूस के घरों में घिरे लोगों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। इस आगलगी में गांव के चंद्रदेव, पड़ोसी मोहन, मुन्ना और लक्ष्मण का फूस का घर जला है। चंद्रदेव की दो बकरियां, 50 हजार रुपये नकद, मुन्ना के 50 हजार रुपये नकद, लक्ष्मण के 10 हजार नकद और कपड़े, अनाज व आभूषण आदि जलकर गए। पकड़ियार बाजार प्रतिनिधि के अनुसार नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के रामपुर बांगर गांव में आग लगने से पांच एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस आग में कोमल शर्मा, रामनिवास शर्मा, रामविलास शर्मा, नथुनी यादव और रविंद्र गुप्ता की लगभग पांच एकड़ गेहूं की फसल जल गई है। तुर्कपट्टी एवं कुबेरस्थान प्रतिनिधि के अनुसार रविवार को सुबह लगभग दस बजे तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के ग्रामसभा नौतन हरदो स्थित एक गेहूं के खेत में अज्ञात कारणों से आग लग गई। इससे दो झोपड़ी सहित पांच एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। इस आगलगी में खुर्शीद, शंभू चौरसिया, मुन्ना अंसारी, राजमन खरवार, नरेश चौरसिया, रविंद्र यादव, चंद्रिका यादव, मुस्तफा, शिवसागर व अयोध्या खरवार आदि की गेहूं की फसल जली है। अग्निशमन दस्ता और ग्रामीणों के अथक प्रयास से आग बुझाई जा सकी। खड्डा प्रतिनिधि के अनुसार सालिकपुर पुलिस चौकी के पास झाड़ियों में रविवार को दोपहर के समय अज्ञात कारण से लगी आग ने उग्र रूप ले लिया। आग फैलते देख ग्रामीणों और सालिकपुर पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाई, अन्यथा काफी नुकसान हो सकता था। महदेवा के प्रधान प्रतिनिधि नथुनी प्रसाद ने बताया कि बड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई गई।
...
अग्निपीड़ितों में बांटी राहत सामग्री
तमकुहीरोड। बिरवट कोंन्हवलिया के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि ने बेदुपार गांव के नौका टोला में आगलगी के शिकार सभी 41 परिवारों में खाद्यान्न के साथ बर्तन और कपड़े वितरित किया। सामग्री पाकर अग्निपीड़ितों ने राहत की सांस ली।तरयासुजान थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बेदुपार के नौका टोला में पिछले छह अप्रैल को दोपहर करीब 12 बजे अचानक लगी भीषण आग में मंशीलाल, बैजनाथ, दुलारी देवी, विक्रम, बीरबल, छबीला, अच्छेलाल, दहारी, सुदामा सहित कुल 41 लोगों की झोपड़ियां और उंसमें रखा नकदी, आभूषण, अनाज जलकर नष्ट हो गया था। बगल के ग्राम सभा बिरवट कोंन्हवलिया के ग्राम प्रधान प्रतिनिधि आनंद कुमार सिंह ने प्रत्येक अग्निपीड़ित परिवार को राहत सामग्री वितरित की। संवाद