पडरौना। नगर के गुदरी बाजार में एक किराना व्यापारी की दुकान में बृहस्पतिवार की भोर में आग लग गई। दुकान में रखा सामान जल गया। दुकानदार के मुताबिक इसमें तीन लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताई जा रही है।
गुदरी बाजार में ढेला रौनियार किराने और गल्ले का दुकान चलाते हैं। बुधवार की रात दुकान बंद कर घर चले गए। बृहस्पतिवार की भोर में उनकी दुकान से धुआं निकलता देख पड़ोसी मोतीलाल चौरसिया व कन्हैयालाल चौरसिया ने शोर मचाया। शोर सुनकर पड़ोसी मुन्ना शर्मा, श्याम बदन, हृदयनाथ, संजय बलिराम आदि लोग वहां पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने में लग गए। आग लगने की जानकारी होने पर दुकानदार ढेला रौनियार भी वहां पहुंचकर दुकान का शटर खोला तो दुकान आग की लपटें फैल चुकी थी। काफी प्रयास के बाद लोगों ने आग पर काबू पाया, लेकिन उसमें रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था।