सेवरही में पुरानी पुलिस चौकी चौराहे पर आग की सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मी व लोगों की भीड़।संवाद
फोटो है। सेवरही कस्बे की पुरानी पुलिस चौकी के पास स्थित है दुकान
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड। सेवरही कस्बे की पुरानी पुलिस चौकी चौराहे के पास सोमवार की भोर में कपड़े की एक दुकान में शाॅर्टसर्किट से आग लग गई। जब तक लोग आग बुझाने वहां पहुंचते उससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर पड़ोस के दुकानों को भी अपने चपेट में ले लिया। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी और सेवरही पुलिस ने लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया, लेकिन आग की चपेट में आने से दो दुकानों में रखा सारा सामान, तीन बाइक और चार साइकिल जलकर नष्ट हो गई।
सोमवार की भोर में करीब तीन बजे सेवरही थाने के कांस्टेबल संजय यादव और जगजीवन जायसवाल गश्त पर थे। उन्होंने देखा कि कपड़े दुकान वाली कटरे से धुआं निकल रहा है। उनकी सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड की गाड़ी और सेवरही के एसओ संजय कुमार व कस्बा पुलिस चौकी इंचार्ज मंगेश कुमार मिश्र ने कस्बा के लोगों की मदद से कपड़ा व्यवसायी प्रमोद नाथानी की दुकान में लगी आग बुझाने में लग गए। दुकान के ऊपर दुकानदार का परिवार भी रहता है। पुलिस ने उनके परिवार के लोगों को किसी तरह दूसरे के मकान के रास्ते नीचे उतरवाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह आग पर काबू पाया जा सका।
दुकान में आग लगने से प्रमोद नाथानी का कपड़े और राहुल वर्मा की मोबाइल की दुकान में रखे सामान के अलावा दुकान की गैलरी में रखा तीन बाइक, चार साइकिल ओर जेनरेटर भी जल कर नष्ट हो गया। सोमवार की सुबह सेवरही के प्रभारी राजस्व निरीक्षक जयंत गुप्ता और लेखपाल मुकेश कुमार मौके पर पहुंचकर आगलगी से हुई क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तमकुहीराज तहसील प्रशासन को भेजी।