दिवाली के दिन आग से 12 झोपड़ियां जलीं
- झोपड़ी में रखा सिलिंडर फटा, झुलसने से 12 बकरियों की मौत
- पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम ने ग्रामीणों की मदद से बुझाई आग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरवलिया बाजार(कुशीनगर)। तुर्कपट्टी थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवा राजापाकड़ के जमुआन टोला में दीपावली के दीपक की लौ से झोपड़ी में आग लग गई। कुछ ही देर में आग फैल गई और अगल-बगल की 12 झोपड़ियां में भी आग लग गई। एक घर में रखा सिलिंडर भी फट गया। झोपड़ी में बंधी 12 बकरियों की झुलसने से मौत हो गई।
बरवाराजापाकड़ के जमुआन टोला निवासी शारदा यादव पुत्र देवानंद, हरिकेश यादव पुत्र जगरनाथ व रामचंद्र पुत्र दुर्गा यादव का परिवार मुख्य आबादी से 100 मीटर दूर झोपड़ी बनाकर रहता है। सोमवार रात करीब आठ बजे दिवाली पर लोगों ने दिया जलाया था। एक दीपक की लौ से झोपड़ी में आग लग गई। अन्य झोपड़ियों के बीच जगह कम होने के चलते आग तेजी से फैलने लगी। लोग शोर मचाते बाहर निकलकर भागे, जबकि उनकी बकरियां घर में ही बंधी रहीं। आसपास के लोग आग बुझाने के लिए पहुंचे। तभी मालूम हुआ कि किसी झोपड़ी में एक छोटा सिलिंडर और एक बड़ा सिलिंडर रखा हुआ है। इससे डरकर लोग दूर हट गए। इस दौरान एक सिलिंडर फट गया। जिससे आग की लपटें और विकराल हो गईं। आसपास की झोपड़ियों से भी आग की लपटें उठने लगीं।
अगलगी की सूचना पुलिसकर्मियों की टीम व फायर बिग्रेड की गाड़ी पहुंची। गांव के चंद्रशेखर यादव, शंभू यादव, मनोज गुप्ता, सुभाष यादव, पंकज, मोतीलाल गोंड, जय प्रकाश ठाकुर, ओमप्रकाश गोंड पिंटू यादव, प्रमोद यादव, अरुण कुमार, मनोज यादव आदि ग्रामीणों सहयोग से किसी तरह से आग को काबू किया।
इस घटना में शारदा यादव पुत्र देवानंद की चौकी चारपाई सहित चार झोपड़ियां, दो साइकिल, दो बॉक्स जिसमें कपड़ा, पांच अदद सोने चांदी के जेवरात, 50,700 नकद व सात बकरियां जल गईं। हरिकेश यादव पुत्र जगरनाथ यादव की पांच झोपड़ियां, अनाज, दो सिलेंडर, आठ अदद जेवरात व 25,000 नकद जल गया। रामचंद्र पुत्र दुर्गा यादव की तीन झोपड़ियां, अनाज, आठ अदद जेवरात, गृहस्थी के सामान सहित पांच बकरियां जल गईं।
मंगलवार को प्रधान प्रतिनिधि मुन्नीलाल गोंड़ ने अग्निपीड़ितों के लिए खाद्यान्न व तिरपाल की व्यवस्था करने को कहा। लेखपाल रजनीश उपाध्याय ने कहा कि क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी गई है।
इस संबंध में एसएचओ आशुतोष सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना पर पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची थीं।
आग से छह झोपड़ियां जलीं
संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीरोड/डिबनी बंजरवा। दीपावली की रात दो अलग-अलग गांवों में छह लोगों की रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। इसमें घर में रखा गृहस्थी का सारा सामाना जल गया।
तमकुहीराज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा श्यामपट्टी में 24 अक्तूबर की रात में अचानक आग- लग जाने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। इसमें छांगुर पुत्र सुखल, सुदर्शन पुत्र राजमंगल और चनवा देवी पत्नी बटर सहित तीन लोगों की झोपड़ी और उसमें रखा सामान जल गया।
इसी तरह सेवरही थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कोटवा में दिवाली की रात आठ बजे के आसपास अचानक आग लग जाने से मिठ्ठू गद्दी पुत्र भोज गद्दी, महेश गद्दी पुत्र नूर गद्दी और मजिस्टर गद्दी पुत्र नूर गद्दी सहित तीन लोगों की झोपड़ी में आग लग गई। गृहस्थी का सामान जल गया।