बनकटा बाजार/मथौली/गुरवलिया बाजार। चौराखास थाना क्षेत्र के दो गांवों में मंगलवार को लगी आग से 11 एकड़ और कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गंभीरपुर व सिंघाड़ी में 10 एकड़ समेत 21 एकड़ गेहूं की फसल के साथ ही पांच झोपड़ियां राख हो गईं। दुलदुलिया में 10 एकड़ और नारायणपुर में एक एकड़ गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई। पछुआ हवा की वजह से आग विकराल रूप ले लिया। फायर ब्रिगेड की मदद से गांववालों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। सूचना मिलने के बाद पहुंचे लेखपाल ने क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तैयार की।
चौरा ख़ास थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत दुलदुलिया में मंगलवार की दोपहर बाद करीब 3 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसमें करीब 10 एकड़ से अधिक गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। गांववालों की सूझबूझ से आग पर काबू पाया गया। किसान हीरानंद राय, शंभू राय, गिरीश्वर राय, मुल्तान अंसारी, ध्रुप गौड़, काशी गौंड, रमाशंकर यादव, विदेशी गौंड, प्रमोद गौड़ आदि की करीब 10 एकड़ गेहूं की फसल जल गई। लेखपाल असलम अंसारी ने मौके पर पहुंच क्षति का आकलन कर राजस्व विभाग को रिपोर्ट भेज दी।वहीं, इसी थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत नारायणपुर में मंगलवार की शाम करीब 4 बजे अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसमें करीब एक एकड़ गेहूं की फसल जलकर नष्ट हो गई। गांववालों की मदद से आग पर काबू पाया जा सका। यहां किसान हीरालाल सिंह, रामजीवन प्रसाद, सुखल प्रसाद, सुदामा प्रसाद, धामा प्रसाद की एक एकड़ गेहूं की फसल आग की भेंट चढ़ गई। सूचना पर पहुंची लेखपाल कालिंदी यादव ने जले हुए फसल का आकलन कर राजस्व विभाग को अपनी रिपोर्ट भेज दी।
दुलदुलिया व नारायणपुर में अज्ञात कारणों से लगी आग में कुल 11 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गया। आग की लपटों को देख जब किसान अपने खेतों में पहुंचे तो गेहूं की फसल को राख में तब्दील होता देख वह सिर पकड़कर वहीं बैठ गए। किसानों का कहना था कि फसलों की उपज को लेकर उन लोगों ने काफी परिश्रम किया था। मगर, पल भर की आग ने फसलों को जलाकर राख में तब्दील कर दिया। इस साल उनके सामने रोटी की संकट उत्पन्न हो जाएगी।
कप्तानगंज थाना क्षेत्र के गंभीरपुर एवं सिंघाड़ी के सिवान में मंगलवार की दोपहर दो बजे अचानक गेहूं की फसल में आग लग गई। लोग फायर ब्रिगेड को सूचना देते, तब तक तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। गंभीरपुर के पशुपति नाथ सिंह, हरेंद्र सिंह, राधे चौहान, सिंघाडी़ निवासी सुभाष राव आदि की लगभग 10 एकड़ गेहूं की फसल जल गई। ग्रामीणों के सहयोग से घंटों बाद आग पर काबू पाया जा सका।
इसी तरह दुदही ब्लॉक के ग्राम पंचायत धर्मपुर पर्वत के पूर्व टोला में मंगलवार की शाम अज्ञात कारणों से लगी आग में पांच लोगों की रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। गांव निवासी वंशी पुत्र निरंजन के घर में लगी आग ने रंजन पुत्र वंशी, सुचित पुत्र निरंजन, सुचित पुत्र सुकई व अजीत पुत्र सुकई की रिहायशी झोपड़ियों को अपनी आगोश में लेकर जलाकर राख कर दिया। इस आगलगी में दो साइकिल, दो मोबाइल, सभी घरों के गहने व अनाज, कपड़ा आदि जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड व ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा उसे फैलने से रोक दिया। सूचना पर पहुंचे लेखपाल अमन कुमार ने क्षति का आकलन कर रिपोर्ट तहसील प्रशासन को भेज दी। ग्राम प्रधान मनीषा मिश्रा, प्रतिनिधि अमर हिन्दुस्तानी व हरिगोविंद मिश्रा ने अग्निपीड़ितों के भोजन की व्यवस्था करते हुए हर संभव मदद का आश्वासन दिया।