खड्डा। हनुमानगंज थाना क्षेत्र के रामपुर जंगल गांव में मंगलवार की सुबह झोपड़ी में आग लग गई। झोपड़ी में बंधी आठ बकरियां और एक गाय गंभीर रूप से झुलस गई। उनकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आग से झुलसी एक बछिया का इलाज चल रहा है।
मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे नत्थू चौहान के रिहायशी झोपड़ी में किसी वजह से आग लग गई। परिवार के लोग अभी कुछ समझ पाते उससे पहले ही आग ने विकराल रूप धारण कर झोपड़ी में रखा अनाज, चौकी, कपड़ा समेत अन्य गृहस्थी का सामान जलकर नष्ट हो गया। इस झोपड़ी में बंधी आठ बकरियां और एक दुधारी गाय और एक बछिया भी गंभीर रूप से झुलस गईं। समय पर इलाज नहीं मिलने से गंभीर रूप से झुलसी बकरियां और एक गाय की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, जबकि आग से झुलसी बछिया का इलाज चल रहा है। सूचना पर पहुंचे खड्डा एसडीएम आशुतोष ने आग लगी से हुए नुकसान का जायजा लिया और पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिया।