उदित नारायण पीजी कॉलेज के खेल मैदान के रास्ते आग बुझाने का प्रयास करता फायर ब्रिगेड ।
पडरौना। शहर में घनी आबादी के बीच देर शाम आग लगने से अफरातफरी मच गई। घर में तीन रसोई गैस सिलिंडर होने के कारण विस्फोट के डर से आस-पास के लोग घरों से बाहर निकल गए। सकरी गली होने के कारण फायर ब्रिगेड का वाहन नहीं जा सका। उदिन नारायण डिग्री कॉलेज का गेट खुलवाने के बाद फायर ब्रिगेड का वाहन मौके तक पहुंचा। इसके पहले मोहल्ले वालों की मदद से छात्रावास के युवकों ने आग पर काबू पा लिया था।
शहर के सहस्रबाहु अर्जुन नगर गोलंबर निवासी गौरीशंकर शाहा मकान में अकेले रहते है। शाम को कहीं गए थे। रात करीब 8 बजे मकान से आग की लपटें देख लोगों ने शोर मचाया। इसके गौरीशंकर शाहा पहुंचे और दरवाजा खोला गया। जिस कमरे मेें आग लगी थी, उसमें तीन रसोई गैस सिलिंडर और फ्रीज था। सिलिंडर की जानकारी होने ही आसपास के लोग अपने घर से बाहर निकल गए। इसकी जानकारी किसी ने फायर ब्रिगेड को दी। रास्ता संकरा होने से फायर ब्रिगेड का वाहन नहीं पहुंच गया। इसके बाद यूएन इंटर कॉलेज का गेट खुलवाया गया। इस रास्ते से फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची।
इसके पहले छात्रावास के छात्र पहुंच गए और मोहल्ले वालों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश करने लगे। सूर्यप्रकाश शर्मा, शंशाक दुबे, लिंकन सिंह, आकाश मालवीय साहस दिखाते हुए घर में दाखिल हो गए और मोटे कपड़े में लपेटकर जलते रसोई गैस सिलिंडर को बाहर निकला। मनीष जायसवाल उर्फ बुलबुल ने नगर पालिका से पानी मंगवाया।
आग से मकान में रखा सभी घरेलू सामान, फ्रिज, टीवी जल गया। करीब एक घंटे तक आगलगी की वजह से मोहल्ले वाले परेशान रहे। आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। अग्निशमन अधिकारी अशोक कुमार यादव ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है। रास्ता नहीं होने से मौके पर पहुंचने में देरी हुई। वहां के लोगों ने काफी मेहनत की।