पकड़ियार बाजार। नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के मांसछपरा गांव में सोमवार को खेत में पराली जलाते समय लगी आग से करीब 10 एकड़ में खड़ी गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई। पहुंचे गांव के लोगों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। मांसछपरा गांव निवासी एक व्यक्ति सोमवार को अपने खाली खेत में पराली जला रहे थे। इसी दौरान आग की चिंगारी उड़कर बगल के गन्ने के खेत में पहुंच गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों में खड़ी गन्ने की फसल को अपनी चपेट में ले लिया। आग से किसान कमलेश, काशी, राम आशीष, दिनेश मिश्रा, राजेश, रमेश मिश्रा, सुरेश मिश्रा और मजनू समेत अन्य किसानों की करीब 10 एकड़ गन्ने की फसल जल गई। सूचना पर आए लेखपाल अविनाश राव आग लगी से हुई क्षति आंकलन कर रिपोर्ट शासन को भेज दी।