जुर्माना मंजूर, यातायात नियम नहीं मानेंगे हुजूर
- यातायात माह में लोग नियमों की कर रहे अनदेखी, सख्ती के अभाव में मनमानी
- बिना हेलमेट पहने और बाइक पर तीन सवारी बैठाकर कर रहे सफर
पडरौना। जिले में यातायात माह बेअसर नजर आ रहा है। यातायात पुलिस की चेकिंग और जागरूकता अभियान के बावजूद लोग नियमों को तोड़ रहे हैं। हालत यह है कि लोगों को जुर्माना मंजूर है, लेकिन यातायात नियम का पालन करना मंजूर नहीं है। ऐसे लोगों के खिलाफ पुलिस कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं कर पा रही है। एसपी धवल जायसवाल ने बताया कि यातायात नियमों का पालन सभी के लिए जरूरी है। चेकिंग के दौरान चालान काटकर कार्रवाई की जा रही है।
जिले में एक नवंबर को यातायात माह की शुरुआत हुई है। इसमें यातायात पुलिस और थानों पर तैनात पुलिसकर्मी जगह-जगह यातायात जागरूकता शिविर लगा रहे हैं। बाइक चलाते समय हेलमेट पहनने, चार पहिया चलाते समय सीट बेल्ट बांधने, अपनी लेन में चलने, वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात न करने सहित अन्य बिंदुओं की जानकारी लोगों को दी जा रही है। ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने के लिए ई रिक्शा और टेंपो चालकों को भी प्रशिक्षित किया गया है। बावजूद इसके कहीं पर भी यातायात माह को लेकर गंभीरता नजर नहीं आ रही है। कोरम पूरा करने के लिए कभी-कभी चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस चालान काटने और जुर्माना वसूलने की कार्रवाई कर रही है। यातायात माह में 10 नवंबर तक पुलिस कुुल 518 वाहन चालकों का चालान करते हुए 14 लाख 15 हजार रुपये का जुर्माना लगा चुकी है।
कार्रवाई चालान जुर्माना
थाना पुलिस 206 410000
यातायात पुलिस 312 1005000
कुल 518 1415000
-------------
यातायात नियमों के उल्लंघन पर इतना जुर्माना
तेज रफ्तार में गाड़ी चलाने पर - 25 सौ रुपये
बिना हेलमेट के बाइक चलाने पर - एक हजार रुपये
तीन सवारी बाइक चलाने पर - एक हजार रुपये
बाइक चलाते हुए मोबाइल पर बात करना- एक हजार रुपये
गलत साइड में वाहन चलाना- पांच सौ रुपये
वर्जन
यातायात माह के तहत लोगों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। लोगों से हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट बांधने की अपील की जा रही है। इसके साथ चेकिंग करके पुलिस चालान भी काट रही है।
धवल जायसवाल, एसपी कुशीनगर