वित्तीय वर्ष गुजर गया, नहीं बन पाए 77 आवास
पडरौना। वित्तीय वर्ष 2021-22 में शासन की तरफ से जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 2,121 लोगों को लाभ मिलना था, लेकिन वित्तीय वर्ष बीत जाने के बावजूद सभी आवास नहीं बन पाए। अभी भी 77 आवास अपूर्ण रह गए हैं। इनमें अपूर्ण आवासों की सर्वाधिक संख्या सेवरही और दुदही ब्लॉक में है।
बीते वित्तीय वर्ष में जनपद के दुदही ब्लॉक में 931, कसया में 14, खड्डा में 121, मोतीचक में 33 नेबुआ नौरंगिया में 209, पडरौना में 173, सेवरही में चार और विशुनपुरा ब्लॉक में 70 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत थे। इस तरह इन ब्लॉकों में कुल 2,121 आवास बनवाने की स्वीकृति मिली थी।
वित्तीय वर्ष गुजर जाने के बावजूद इन ब्लॉकों में सभी आवास पूर्ण नहीं हो पाए हैं। विभाग के मुताबिक, दुदही ब्लॉक में 29, खड्डा में छह, नेबुआ नौरंगिया में एक, पडरौना में पांच, सेवरही में 35 और विशुनपुरा ब्लॉक में एक आवास अधूरा है। इस तरह पिछले वित्तीय वर्ष के 77 आवास अभी भी बनाए जाने बाकी हैं।
जिले में जितने भी आवास अपूर्ण हैं, उन्हें पूरा कराने के लिए सभी लाभार्थियों को निर्देश दिया गया है। सबसे अधिक सेवरही और दुदही ब्लॉक में पीएम आवास अपूर्ण हैं।
- जगदीश त्रिपाठी, पीडी