समउर बाजार। तमकुही के पुरैना कटेया सहकारी समिति पर सचिव व अध्यक्ष के विवाद के कारण दस साल से खाद नहीं आ रही थी। समिति के नए प्रभारी व सचिव के प्रयास से बृहस्पतिवार को खाद की पहली खेप पहुंची तो किसानों ने खुशी व्यक्त की।
पुरैना कटेया सहकारी समिति के अध्यक्ष अमन मंसूरी और सचिव मनोज राय के बीच विवाद के कारण करीब दस साल से खाद व बीज की आपूर्ति नहीं हो पा रही थी। इस विवाद में अध्यक्ष अमन मंसूरी ने सचिव मनोज राय समेत कोआपरेटिव विभाग के उच्चाधिकारियों पर उदासीनता का आरोप लगाकर जिलाधिकारी को पत्र देकर कार्रवाई की मांग की थी। समिति में खाद-बीज न मिलने से नाराज किसानों ने कई बार आंदोलन किया था।
जिलाधिकारी के निर्देश पर पुरैना कटेया सहकारी समिति के सचिव मनोज राय को हटाकर सचिव पप्पू सिंह को नया प्रभारी बनाया गया। इनके प्रयास के बाद गुरुवार को पुरैना कटेया समिति पर यूरिया, डाई सहित अन्य खाद की पहली खेप पहुंची तो किसान राधेश्याम, राजेश प्रसाद, बलिराम यादव, राजीव कुमार, शिवनंदन, गोरख पांडेय, विनोद कुमार ने आभार व्यक्त किया।