जंगली जानवर का डर, तेंदुआ की उड़ी अफवाह
खड्डा। क्षेत्र की ग्राम सभा अहिरौली, नौका टोला में रविवार की देर रात तेंदुआ निकलने की सूचना से खलबली मच गई। किसी जंगली जानवर को देखकर गांव के एक व्यक्ति ने तेंदुआ की अफवाह उड़ा दी। तेंदुआ आने की सूचना पर सोमवार को भी वन विभाग की टीम ने छानबीन की। हालांकि तेंदुआ की मौजूदगी की पुष्टि नहीं हो सकी। फॉरेस्टर अमित कुमार तिवारी ने बताया कि छानबीन में तेंदुआ के संबंध में कोई जानकारी नहीं मिली है।
नौका टोला निवासी सुभाष कुशवाहा रविवार की देर रात अपने घोठे (पशुओं के बांधने का स्थान) पर गया था। वहां पहुंचने के बाद वह शोर मचाते हुए गांव की तरफ भागा। उसने लोगों को बताया कि उसके घोठे पर तेेंदुआ मौजूद है। इसकी जानकारी पूरे गांव के लोगों को हो गई। लाठी-डंडे लेकर लोग घोठे की तरफ चल पड़े। लोगों ने काफी देर तक तेंदुआ की तलाश की। किसी ने इसकी सूचना वन कर्मियों को दी। रात में ही वनकर्मी पहुंच गए। गांव के लोगों के साथ सोमवार की सुबह भी वनकर्मियों ने तेंदुआ की तलाश की। शाम तक तेंदुआ के पैरों के निशान सहित अन्य कोई पहचान चिह्न नहीं मिले, जिससे उसकी मौजूदगी की पुष्टि हो सके।
फॉरेस्टर खड्डा अमित कुमार तिवारी ने बताया कि छानबीन की गई। प्रत्यक्षदर्शी सुभाष ने स्पष्ट रूप से तेंदुआ देखने की बात नहीं बताई है। आसपास पानी और मिट्टी है। इसमें भी कोई निशान नहीं पाया गया है। फिर भी लोगों को एहतियात बरतने के निर्देश दिए गए हैं।