उदित नारायण इंटर कॉलेज खेल परिसर में चल रह जिला फुटबॉल लीग का फाइनल
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। नगर के उदित नारायण इंटर कॉलेज खेल परिसर में चल रहे जिला फुटबाॅल लीग का रविवार को फाइनल मैच खेला गया। इसमें फाजिलनगर की टीम ने तमकुही को 2-0 से पराजित कर खिताब पर कब्जा जमा लिया।
रविवार की शाम करीब पांच बजे शुरू हुए जिला फुटबॉल लीग में एफजेड क्लब फाजिलनगर और राज हाईवे तमकुही की टीम आमने-सामने हुई। फाजिलनगर की टीम ने 40वें मिनट में तमकुही के खिलाफ पहला गोल दागकर टीम को बढ़त दिला दी। इसके कुछ देर बाद ही फाजिलनगर की टीम ने तमकुही के खिलाफ दूसरा गोल दाग दिया।
शाम छह बजे मैच समाप्ति तक तमकुही की टीम प्रतिद्वंद्वी टीम के खिलाफ एक भी गोल नहीं कर सकी। इस तरह फाजिलनगर टीम ने 2-0 से तमकुही की टीम को हराकर फाइनल मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अंत में सदर विधायक मनीष जायसवाल, रामकोला विधायक विनय प्रकाश गौड़, खड्डा विधायक विवेकानंद पांडेय आदि ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। इस मैच में खुर्शीद आलम, घनश्याम सिंह, संजय साहनी, प्रभात मिश्रा, मोईन अली, पप्पू कुमार ने निर्णायक की भूमिका निभाई।
इस दौरान जिला क्रीड़ाधिकारी रवि निषाद, संजय रावत, अनिल कुमार मिश्रा, अजय लोहिया, प्रमोद शर्मा, पंकज सिंह, बीएन मिश्रा, विजय सिंह चन्देल, एसएन शुक्ला, विन्ध्यवासिनी श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।