संवाद न्यूज एजेंसी
तमकुहीराज। क्षेत्र के डिबनी बंजरवा निवासी एक व्यक्ति के घर में बृहस्पतिवार की रात अचानक आग लगने से सभी लोग घिर गए। अन्य लोग तो किसी तरह निकल गए, लेकिन दस साल का एक बालक फंस गया। उसे बचाने में पिता झुलस गए। 53 हजार रुपये नकद भी जलने की बात कही जा रही है।
इस गांव के विश्वास चौहान के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। झोपड़ी में सो रहे परिवार के लोगों को आग की तपिश से इसकी जानकारी हुई। झोपड़ी में सो रही विश्वास चौहान की पत्नी ममता देवी (35), बेटी काजल चौहान (17), अंशिका (15), सपना 12 को सकुशल निकाला गया, लेकिन हिमांशु (10) आग में फंस गया। उसे बाहर निकालने के प्रयास में विश्वास चौहान गंभीर रुप से झुलस गए। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। घर में मौजूद सारा सामान और उधार लिए गए 53 हजार रुपये आग में जल गए। स्थानीय लोगों के अथक प्रयास से आग पर काबू पाया जा सका।