तुर्कपट्टी। छोटे बेटे के साथ रह रहे पिता की बुधवार की रात संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पिता का शव दरवाजे पर लेकर छोटा बेटा पहुंचा और बृहस्पतिवार को दाह संस्कार को तैयार में जुट गया। बड़े बेटे ने छोटे भाई पर पिता की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत कर दी। इसको लेकर दरवाजे पर दोनों भाइयों और रिश्तेदारों में कहासुनी भी हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, चर्चा है कि जिंदा रहते बुजुर्ग से किसी ने रजिस्टर्ड वसीयत करा ली है। यह मामला भी पुलिस तक पहुंचा है।
थाना क्षेत्र के सपहा गांव निवासी 70 वर्षीय रामशंकर पांडेय अपने छोटे बेटे दीपक पांडेय के साथ किराए के मकान में रहते थे। बुधवार की रात उनकी मौत हो गई। पिता का शव लेकर दीपक घर पहुंचे तो गांव वालों की भीड़ जुट गई। बड़े भाई पंचमुखी उर्फ बिट्टू ने पिता की हत्या का आरोप लगाया। इसको लेकर दरवाजे पर दो घंटे तक हंगामा चलता रहा। बिट्टू की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामला संदिग्ध देख शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वहीं, गांव वालों में चर्चा है कि रमाशंकर पांडेय की पुश्तैनी जमीन एक व्यक्ति ने वसीयत करा ली है। इसको लेकर बेटे पिता से नाराज रहते थे, इसको लेकर पंचायत भी हो चुकी थी। बड़े बेटे ने पुलिस से इसकी भी शिकायत की है। वहीं, दीपक पांडेय का कहना है कि पिता शराब का सेवन करते थे, इनकी स्वभाविक मौत हुई है। बड़े भाई का आरोप गलत है। हालांकि, पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। तुर्कपट्टी इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह की पुष्टि होगी।