हादसे में पिता-पुत्र समेत तीन घायल
पटहेरवा(कुशीनगर )। राष्ट्रीय राजमार्ग पर रजवटिया गांव के सामने सोमवार की दोपहर में ट्रैक्टर ट्राली व बाइक की भिड़ंत में पिता पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को सीएचसी फाजिलनगर पहुंचाया गया। सोमवार दोपहर बाद तीन बजे एक बाइक पर एक मासूम सहित तीन सवार तमकुही की तरफ से आ रहे थे। बाइक सवार अभी रजवटिया गांव के सामने हाईवे पर बने क्रासिंग के पास पहुंचे ही थे कि अचानक एक ट्रैक्टर चालक सीधे सड़क पार करने लगा। ट्रैक्टर पर तेज आवाज में गाना बज रहा था। ट्रैक्टर चालक की लापरवाही के चलते बाइक चपेट में आ गई। बाइक सवार सड़क पर कुछ दूर तक घसीटाते चले गए। गंभीर रूप से घायल युवक व बच्चे को लोगों ने फाजिलनगर सीएचसी भेजा। अस्पताल में भर्ती घायल संतोष (27) व विराट (5) देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र के हरैया गांव के रहने वाले हैं। घटना स्थल पर बदहवासी की हालत में आंशिक रूप से घायल बाइक सवार ने लोगों से अपना नाम संतोष निवासी गांव नटवा थाना पटहेरवा बताया। घटना की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली व बाइक को कब्जे में ले लिया।