पटहेरवा। हरियाणा के नूह बेटियों को बेचने के आरोपी पिता को पुलिस ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में पिता ने दो दलालों का नाम बताया है, जो दूसरे जिले के रहने वाले हैं। उन तक पहुंचने के लिए पुलिस ने प्रयास शुरू कर दिया है। हालांकि, पुलिस इस रैकेट में जुड़े बाकी लोगों की कुंडली खंगालने में जुटी है। जहां बेटियों को बेचा गया था, वहां सगी बहनों को लेकर जाने की तैयारी में है।
थाना क्षेत्र के एक गांव के व्यक्ति ने अपनी बेटियों को दो साल के अंदर दलालों के माध्यम से हरियाणा के नूह में बेच दिया था। हालांकि, रिश्तेदार और गांव वालों को बेटियों की शादी करने की बात कही थी। पांच दिन पहले नूह से भागकर दोनों बहनें घर पहुंचीं। दूसरे दिन थाने पहुंचकर बेटियों ने पिता पर बेचने का आरोप लगाया। पुलिस ने पिता पर केस दर्ज कर लिया। केस दर्ज करने के बाद पुलिस सगी बहनों को मेडिकल परीक्षण कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हालांकि अभी रिपोर्ट नहीं आई है।
फरार चल रहे आरोपी पिता नबी हसन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की पूछताछ में उसने दो लोगों का नाम बताया जो कुशीनगर के अलावा आसपास के जिलों से शादी के बहाने हरियाणा में बेटियों को बेचने में मध्यस्थता करते हैं। इनके संपर्क में जिले के कई लोग हैं। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पूछताछ में जिन लोगों का नाम आया है, उन तक पहुंचने के प्रयास में पुलिस जुट गई है। थानाध्यक्ष राकेश रोशन सिंह ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया है। कुछ लोगों का नाम पूछताछ में सामने आया है। उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।