मुआवजे के लिए किसानों ने भरी हुंकार
जंगल बेलवा गांव में एकत्र हुए किसान, समस्याओं पर चर्चा की
संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। अतिवृष्टि और खेतों में जलभराव से नष्ट हुई फसलों का मुआवजा के लिए बुधवार को क्षेत्र के जंगल बेलवा गांव में किसान पंचायत लगाई गई। इस पंचायत में पडरौना क्षेत्र के जंगल विशुनपुरा, सेमरा हरदो, त्रिलोकपुर सहित अन्य गांवों के किसान भी शामिल हुए। इस चौपाल में इस साल बरसात के दौरान अतिवृष्टि और खेतों में जलभराव की वजह से नष्ट हुई फसलों का मुआवजा दिलाए जाने की मांग की गई। साथ ही यह चेतावनी दी गई कि यदि किसानों को उनकी क्षतिग्रस्त फसलों का मुआवजा नहीं मिला तो जिला मुख्यालय पहुंचकर धरना-प्रदर्शन करेंगे। किसान पंचायत के आयोजक पूर्वांचल किसान यूनियन के अध्यक्ष पप्पू पांडेय ने कहा कि किसान अन्नदाता हैं। देश को आर्थिक रूप से सुदृढ़ बनाने में किसानों का बहुत योगदान है, लेकिन किसानों की मुश्किल समय में सरकार उनका साथ नहीं दे रही है। कोरोना, अतिवृष्टि, रोग आदि से फसलों को हुई क्षति से किसान बर्बाद हो गए हैं, उन्हें इसका मुआवजा दिया जाना चाहिए। उन्होंने चेताया कि यदि किसानों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो कलेक्ट्रेट गेट पर वृहद रूप से आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान किसान राजबंशी यादव, महेंद्र यादव, तुलसी यादव, सिंहासन पांडेय, अरुण तिवारी, नीतीश उपाध्याय, नर्वदेश्वर तिवारी, उमाकांत, विजयी, रामेश्वर कुशवाहा, विक्रम प्रसाद, शंकर, रमेश, मोतीलाल सहित अन्य किसान मौजूद थे।