- तौल नहीं होने से नाराज किसानों ने शनिवार को किया था सड़क जाम और धरना
मंसाछापर। ढाढा चीनी मिल के जिम्मेदारों के लापरवाही के कारण किसान परेशान है। मिल प्रबंधन की गलत नीतियों के कारण समय पर गन्ने की तौल नही हो पा रही है। विशुनपुरा ए क्रय केंद्र पर पिछले चार दिनों से गन्ने की तौल हो रही है। नाराज किसानों ने रविवार को क्रय केंद्र पर हंगामा किया। किसानों के हंगामे के कारण रविवार की सुबह इंस्पेक्टर जटहां ओमप्रकाश तिवारी और चीनी मिल के एरिया मैनेजर संजय सिंह भी पहुंचे। दोपहर बाद एक ट्रक मंगवाया गया जिसके बाद गन्ने की तौल शुरू हुई।
ढाढा चीनी मिल का क्रय केंद्र विशुनपुरा ब्लॉक के विशुनपुरा बुजुर्ग गांव के धागड टोली पर है। इसे विशुनपुरा ए बोला जा रहा है। क्रय केंद्र पर क्षेत्र के पुर्नहा मिश्र, विशुनपुरा बुजुर्ग, कृपापट्टी, हिरनही गांव के किसानों का गन्ना एलाट हुआ है। पिछले चार दिनों से किसान अपना गन्ना लेकर तौल का इंतजार कर रहे है, लेकिन चीनी मिल की लापरवाही के कारण तौल नही हो पा रहा है। नाराज किसानों ने सुबह हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर इंस्पेक्टर ओमप्रकाश तिवारी और चीनी मिल के एरिया मैनेजर संजय सिंह भी पहुंचे। किसान रामाधार कुशवाहा, राजीव यादव, अशोक यादव, अनवत यादव, नागेंद्र राय, योगेंद्र, पिंटू राय समेत कई किसानों का कहा कि 16 नवंबर से गन्ना लाए है। तौल नही होने के कारण गन्ना सूख रहा है। इसके कारण कम वजन का नुकसान किसानों को उठाना पड़ेगा। दोपहर बाद एक ट्रक मंगवाया गया। इसके बाद गन्ना का तौल शुरू हुआ।
चार दिनों से ट्राली पर रखकर तौल का इंतजार कर रहा हूं। लेकिन अभी तक तौल शुरू नहीं हो सका है।
- देवेश राय, किसान
चीनी मिल के जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण किसानों का गन्ने का तौल समय से नही हो पा रहा है। गन्ने की तौल को लेकर मिल प्रशासन को पहल करनी चाहिए।
- अशोक यादव गन्ना किसान
चार दिन से गन्ने की तौल होने का इंतजार कर रहा हूं। गन्ना सुख रहा है, तो तौल के समय वजन भी कम होगा।
- मुरारी यादव, गन्ना किसान
मिल प्रबंधन की लापरवाही के कारण गन्ने की तौल शुरू नही हो सकी है। सारी सुविधा उपलब्ध कराने के बाद ही क्रय केंद्र खोलना चाहिए।
- अजय कुशवाहा, गन्ना किसान
लोडर खराब होने के कारण गन्ना तौल ठप
मंसाछापर। किन्नर पट्टी में विशुनपुरा-बी क्रय केंद्र पर रविवार की सुबह से ही गन्ने की तौल ठप र।ही लोडर खराब होने के कारण गन्ना तौल ठप हो गया है। सुबह 11:32 मिनट पर ढाढ़ा चीनी मिल के क्रय केंद्र विशुनपुरा-बी पर गन्ने की तौल ठप थी। यार्ड में 25 गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्राली खड़ी थी।
शनिवार को तीन दिन से गन्ने की तौल नहीं होने के कारण किसानों ने मुख्य सड़क जाम कर ढाई घंटे प्रदर्शन किया था। चीनी मिल के एरिया मैनेजर और पुलिस पहुंची थी। शनिवार की शाम को दो ट्रक मंगाई गई थी, जिसके बाद गन्ने की तौल शुरू हुई थी। रविवार की सुबह से ही लोडर खराब होने के कारण तौल बंद था। तौल केंद्र प्रभारी कृष्णमोहन पांडेय ने बताया की सुबह से लोडर खराब है। इसलिए गन्ने की तौल नही हो रही है। लोडर को ठीक कराया जा रहा है, ठीक होते ही तौल शुरू हो जाएगा। उन्होंने बताया की अभी तक करीब 355 क्विंटल गन्ने की तौल हो चुकी है। यार्ड में 24 गन्ना लदी ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी थी। यार्ड में दो ट्रक खड़ी थी।