रहसू बाजार। तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र के मधुरिया पुलिस चौकी के समीप जोकवा-जौरा बंजरिया मार्ग पर रविवार की सुबह सड़क पर टहल रहे एक 55 वर्षीय किसान को बाइक ने टक्कर मार दी थी। इससे वह गंभीर रुप से घायल हो गए थे। लखनऊ में इलाज के दौरान घायल किसान की मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जोकवा बाजार निवासी किसान रामदास यादव 55 वर्ष जोकवा-जौरा बंजरिया मार्ग पर रविवार की सुबह टहल रहे थे। मधुरिया पुलिस चौकी के समीप जौरा बाजार की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बाइक के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। जिसे बचाने के चक्कर में बाइक चालक ने अपना संतुलन खो दिया और टहल रहे रामदास यादव को टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सरकारी वाहन से फाजिलनगर सीएचसी पर भर्ती कराया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घायल की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज से लखनऊ एसजीपीजीआई रेफर कर दिया गया, जहां पर रविवार की देर रात इलाज के दौरान किसान की मौत हो गई। तुर्कपट्टी एसओ संजय कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पीड़ित परिजन अगर तहरीर देते हैं तो बाइक चालक के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।