-मकान निर्माण के दौरान दीवार पर पानी गिराने के लिए चालू कर रहे थे मोटर
संवाद न्यूज एजेंसी
मल्लूडीह। निर्माणाधीन मकान की दीवारों पर पानी देने के लिए मोटर का प्लग लगाते समय किसान की करंट लगने से मौत हो गई। पोस्टमार्टम कराने के बजाय कसया सीएचसी से शव लेकर परिजन चले गए और दाह संस्कार कर दिया। इसकी जानकारी होने पर घर वालों में चीख पुकार मच गई।
कसया थाना क्षेत्र के कुड़वा दिलीप नगर गांव के धन्नीपट्टी पंडित टोला निवासी विशुनदेव राय (55) खेती करते थे। वह गांव में मकान निर्माण करा रहे थे। सुबह करीब सात बजे निर्माणाधीन मकान पर पहुंचे और दीवारों पर पानी देने के लिए मोटर चालू करने के लिए प्लग बोर्ड में लगा रहे थे। इस दौरान करंट की चपेट में आ गए। यह देख आसपास के लोग पहुंचे और उन्हें कसया सीएचसी लेकर आए, जहां डॉक्टर ने मृत
घोषित कर दिया।
विशुनदेव के दो बेटे अनिल राय (35) व संदीप (28) हैं जो, किसी शहर में रहकर काम करते हैं। पत्नी सीता देवी का रो-रोकर बुरा हाल है।
घायल चौकीदार ने तोड़ा दम
पडरौना। तुर्कपट्टी थाने के चौकीदार बिजली ठाकुर (60) 15 दिन पूर्व साइकिल से घर जा रहे थे। अभी वह चौराखास थाना क्षेत्र के धुनवलिया मोड़ के पास पहुंचे थे कि बाइक सवार युवक ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल चौकीदार का इलाज पडरौना के एक निजी अस्पताल में चल रहा था। चार दिन पहले अस्पताल से घर गए थे। अचानक तबीयत बिगड़ने से सोमवार की रात उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। संवाद