कसया। उत्तर प्रदेश खेत मजदूर यूनियन की जिला कमेटी ने राष्ट्रपति को संबोधित पत्रक ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कसया अंकिता जैन को सौंपा। संगठन के लोगाें ने मांगें पूरा कराने का अनुरोध किया।
शुक्रवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के जिला सचिव अयोध्या लाल श्रीवास्तव व उप्र खेत मजदूर यूनियन के जिलाध्यक्ष कैलाश गिरी के नेतृत्व में यूनियन के पदाधिकारी तहसील मुख्यालय कसया पहुंचे। वक्ताओं ने कहा कि मनरेगा के तहत 100 दिन काम पाने का अधिकार जॉब कार्ड धारकों को है, लेकिन इस कानून में कई तरह फेर बदल कर केंद्र सरकार ने जॉब कार्ड धारकों से रोजगार पाने का हक छीन लिया है। राष्ट्रपति को संबोधित पत्रक में खेत मजदूर यूनियन के पदाधिकारियों ने सक्रिय जॉब कार्ड के नाम पर काटे गए जॉब कार्ड को सक्रिय करने, जॉब कार्ड को आधार कार्ड से जोड़ने की अनिवार्यता खत्म करने, मनरेगा बजट दो लाख करोड़ करने, साल में दो सौ दिन काम व मजदूरी छः सौ रुपये करने, रोजगार सहायकों को नियमित करने व रिक्त पदों पर रोजगार सहायकों की नियुक्ति की मांग की। इस दौरान गेंदा सिंह, इद्रीश सिद्दकी, शंभु चौहान, बीपी गुप्ता, राम बहाल सिंह, पवन कुमार, लक्ष्मी गिरी आदि मौजूद रहे।