खड्डा। रेलवे लाइन से शुक्रवार को बरामद हुए इमाम हुसैन के शव के मामले में परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों का आरोप है कि गांव के ही एक युवती से उसकी फोन व प्रेम प्रसंग की बात होती थी। पोस्टमार्टम के बाद शनिवार की शाम परिजनों ने शव को दफना दिया। शुक्रवार को खड्डा स्टेशन से करीब एक किलोमीटर पश्चिम युवक का शव रेलवे लाइन के बीच में पड़ा मिला था। पुलिस ने शव की शिनाख्त 22 वर्षीय इमाम हुसैन निवासी शिवदत्तछपरा थाना खडडा के रूप में की थी। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। कुल छह भाई-बहनों मे सबसे छोटा इमाम हुसैन ड्राइवरी करता था। परिजनो का आरोप है कि शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे किसी का फोन आया और वह चौराहे पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद उसके मौत की खबर आई थी। बताया जाता है कि युवक का जो मोबाइल बरामद हुआ था उसपर एक युवती ने दो बार फोन किया था। परिजनों का आरोप है कि इमाम हुसैन को धोखे से बुलाकर चौराहे से चारपहिया वाहन में बिठाकर ले जाकर हत्या कर रेलवे लाइन पर रखा गया है।