पडरौना। शुक्रवार को थाना सेवरही पुलिस ने नकली शराब बनाने वाले गैंग का भंडाफोड़ किया है। उनके पास से नकली शराब बनाने का सामान, खाली शीशी, रैपर, ढक्कन, एक लग्जरी वाहन व अवैध तमंचा और रिवाल्वर मिला है। अवैध शराब बाने का धंधा काफी दिनों से चल रहा था। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गैंग में शामिल अन्य लोगों का नाम बताया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुट गई है।
सेवरही थाना क्षेत्र के पिपरा मुस्तकिल अंगरवा के पास से चेकिंग के दौरान दिल्ली प्रांत में पंजीकृत संदिग्ध स्कार्पियो गाड़ी सामने से आती दिखी। पुलिस ने उसे चेक किया। वाहन में भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब का रैपर, ढक्कन, स्प्रिट व तमंचा मिला। पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से 20 लीटर रेक्टिफाइड स्प्रिट, 22 शीशी रायल स्टैग शराब, 250 रायल स्टैग की खाली शीशी, 6300 रुपये नगद, स्कार्पियो गाड़ी, एक देशी तमंचा और एक देशी रिवाल्वर बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों की पहचान हिरामन यादव थान क्षेत्र के पिपरा मुस्तकिल अगरवा गांव और चन्दन कुशवाहा जटहां बाजार थाना क्षेत्र के कंठी छपरा बारी टोला के रूप में किया। केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। सूत्रों की मानें तो नकली शराब बनाने का खेल काफी दिनों से चल रहा था। इस गैंग में शामिल और धंधेबाजों का नाम सामने आया है। जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। एएसपी रितेश सिंह ने बताया कि नकली शराब बनाने वाले गैंग के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। कुछ और लोगों को नाम सामने आया है। जिनकी तलाश की जा रही है।