कुशीनगर। पशु तस्करी पर सख्ती के लिए पुलिस कप्तान ने एक नया प्लान तैयार किया है, जिसके तहत संवेदनशील थानों पर अनुभवी पुलिस निरीक्षकों को तरजीह देते हुए तैनात किया गया है। इस तैनाती में इस बात का विशेष ख्याल रखा गया है कि पुलिस निरीक्षक भौगोलिक परिस्थितियों से पूरी तरह अवगत हों और उन्हें पहले से इसको लेकर अनुभव रहा हो। 24 घंटे के भीतर पुलिस कप्तान द्वारा जारी दूसरी स्थानांतरण सूची में कुल 13 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। जिसमें हाईवे से जुड़े सभी थाने तरयासुजान, तमकुहीराज, हाटा, पटहेरवा में अनुभवी निरीक्षकों को थानेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा कप्तानगंज, नेबुआ नौरंगिया, रवींद्रनगर धूस, अहिरौली बाजार के साथ साथ साइबर थाना, यूपी डॉयल 112, सर्विलांस सेल, पर्यटन थाना के प्रभारियों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। पशु तस्करी और शराब तस्करी पर रोकथाम के लिए एक्शन में आए पुलिस कप्तान ने 24 घंटे के भीतर कुल 57 पुलिसकर्मियों के कार्य क्षेत्र में बदलाव कर डाला। शिकायत वाले थानों के थानेदार बदल दिए गए,लापरवाही बरतने वाले चौकी प्रभारियों की इंचार्ज छीन गई तो विवेचना और कानून व्यवस्था में शिथिलता के कारण सीमावर्ती तमकुहीराज,तरयासुजान और पडरौना के 34 पुलिसकर्मियों को पुलिस लाइन से संबद्ध कर दिया। मंगलवार को जारी हुए पहले सूची में महज उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल शामिल थे। बुधवार को जारी हुए दूसरे सूची में कुल 13 निरीक्षकों और उपनिरीक्षकों के कार्यक्षेत्र में बदलाव किया गया है। जिसमें निरीक्षक राजप्रकाश सिंह को तरयासुजान से स्थानांतरित करते हुए हाईवे से जुड़े थाना तुर्कपट्टी का थानेदार बनाया गया है।तुर्कपट्टी के प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार को साइबर थाना प्रभारी बनाया गया है। वहीं पर्यटन थाना के थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार को तुर्कपट्टी थाने का वरिष्ठ उपनिरीक्षक बनाया गया है। कप्तानगंज प्रभारी निरीक्षक धनवीर सिंह को तरयासुजान में एसएचओ के तौर पर नवीन तैनाती दी गई है।