संवाद न्यूज एजेंसी
रामकोला। खोटही के पूर्व ग्राम प्रधान रामहरख यादव की हत्या की सूचना मिलने पर सोमवार को पूर्व सांसद बालेश्वर यादव पहुंचे। उन्होंने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया। उसके बाद रामकोला थाने पर पहुंचे। इस घटना पर नाराजगी व्यक्त करते हुए पूर्व सांसद ने हत्या में शामिल सभी व्यक्तियों की गिरफ्तारी की मांग की। रामकोला थाने पर मौजूद खड्डा के सीओ संदीप कुमार वर्मा ने पूर्व सांसद बालेश्वर यादव को आश्वस्त किया कि हत्यारोपी नहीं बचेंगे। जल्द ही इसमें शामिल अन्य आरोपी पकड़े जाएंगे तथा हत्या में प्रयुक्त किए गए हथियार को भी पुलिस खोज निकालेगी। इस दौरान पूर्व राज्य मंत्री राधेश्याम सिंह, मृतक के लड़के धर्मेंद्र यादव, एके बादल, ध्यानचंद यादव सहित सपा के कई नेता व कार्यकर्ता उपस्थित थे।