तमकुहीराज। स्थानीय नगर पंचायत कार्यालय में शनिवार को चेयरमैन व ईओ के बीच मारपीट के मामले के बाद शासन ने विवादित ईओ अमित सिंह का स्थानांतरण कर दिया है। मथौली नगर पंचायत की ईओ सीमा राय को तमकुहीराज का प्रभार सौंपा गया है। वहीं, अमित सिंह को फाजिलनगर का चार्ज मिला है। शुक्रवार को नगर पंचायत का माहौल सामान्य रहा।
आउट सोर्सिंग फर्म के नवीनीकरण के विवाद को लेकर चेयरमैन जेपी गुप्ता व ईओ अमित सिंह के बीच कहासुनी के बाद मारपीट की घटना 27 जनवरी को हुई थी। मामले में दोनो पक्ष एक दूसरे पर आरोप मारपीट का आरोप लगाए। ईओ की तहरीर पर पुलिस ने चेयरमैन समेत छह नामजद समेत 14 पर केस दर्ज कर लिया। घटना के बाद नगर पंचायत कार्यालय राजनीतिक अखाड़ा बन गया है। ईओ के समर्थन में जिले के सभी नगर निकायों के ईओ व कर्मचारी घटना के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित कर तमकुहीराज थाने में दर्ज मुकदमे में आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। जबकि चेयरमैन पक्ष ईओ व उनके सहयोगियों के खिलाफ केस दर्ज कराने की जद्दोजहद में जुटा है। आपसी खींचतान के बीच नगर पंचायत का विकास कार्य ठप है। साफ सफाई, अलाव सहित तमाम मूलभूत विकास विकास कार्य बाधित होने से स्थानीय लोगो में नगर पंचायत प्रशासन के खिलाफ रोष है। नौ जनवरी के पत्र का संज्ञान लेते हुए शासन स्तर से तमकुहीराज के ईओ अमित सिंह का स्थानांतरण फाजिलनगर नगर पंचायत कर दिया गया है। पहले से इनके पास फाजिलनगर का अतिरिक्त चार्ज था।