पकवा इनार। बुद्ध इंटर कॉलेज में चल रही यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन कार्य का बुधवार को डीआईओएस ने निरीक्षण किया। उन्होंने मूल्यांकन कार्य को गंभीरता से करने के लिए उपप्रधान परीक्षक व परीक्षकों को निर्देश दिए। निर्धारित समय के भीतर मूल्यांकन कार्य पूरा करने पर जोर दिया।
बुधवार की सुबह करीब 11 बजे डीआईओएस रविंद्र सिंह बुद्ध इंटर कॉलेज पहुंचे। उन्होंने कक्षों में भ्रमण कर उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन का जायजा लिया। उन्होंने परीक्षकों को उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में सजगता के साथ स्टेप वार मूल्यांकन करने के निर्देश दिए। डीआईओएस ने कहा कि मूल्यांकन में कोई लापरवाही नहीं होनी चाहिए। प्रश्नों के उत्तरों का भी निरीक्षण ठीक से करें और अंक दें। उन्होंने कहा कि मूल्यांकन कार्य 30 मार्च तक पूरा किया जाए। इस मौके पर प्रधानाचार्य उमेश उपाध्याय समेत अन्य मौजूद रहे।