शाम करीब सात बजे पोल ठीक कर बहाल की गई बिजली आपूर्ति
संवाद न्यूज एजेंसी
पटहेरवा। हाईवे स्थित बगही कुटी गांव के पास पशुओं से भरा एक पिकअप अनियंत्रित होकर 33 हजार केवीए के बिजली के पोल से टकरा गया। इससे पटहेरवा उपकेंद्र से जुड़े करीब 60 गांवों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। पिकअप में सवार दो गायें भी घायल हो गईं। शाम करीब सात बजे बिजली कर्मियों ने क्षतिग्रस्त पोल को ठीक कर आपूर्ति बहाल की।
बुधवार की सुबह करीब 11 बजे एक पिकअप गोवंश लेकर तमकुहीराज की तरफ जा रहा था। अभी वह बगही कुटी के पास पहुंचा ही था कि एक ट्रक से पास लेने के प्रयास में पिकअप अनियंत्रित होकर हाईवे किनारे लगे 33 हजार केवीए के बिजली के पोल से टकरा गया। इससे पोल क्षतिग्रस्त हो गया।
पिकअप में लदीं दो गायें भी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद पिकअप चालक मौके से भाग गया। पिकअप के टकराने से पटहेरवा विद्युत उपकेंद्र की मेन लाइन ठप हो गई।
इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल उपाध्याय ने बताया कि गायें दुधारू हैं। घायल गायों को इलाज के लिए भेजा गया है। विद्युत उपकेंद्र पटहेरवा के जेई रवि प्रकाश ने बताया कि बिजली का पोल क्षतिग्रस्त होने की जानकारी होते ही जटाशंकर, सुग्रीव समेत अन्य बिजली कर्मियों को मौके पर भेजा गया था। काफी प्रयास के बाद क्षतिग्रस्त पोल को ठीक कर शाम करीब सात बजे बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई।