पडरौना। नगर निकाय चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला मुख्यालय स्थित पुलिस लाइन में प्रेक्षक की उपस्थिति में डीएम व एसपी समेत सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों की बैठक हुई। इसमें मतदान के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने की चर्चा की गई। बैठक में प्रेक्षक ने चेताया कि मतदान के दौरान किसी तरह से नियमों का उल्लंघन हुआ तो संबंधित एसडीएम और सीओ जिम्मेदार होंगे।
प्रेक्षक अनिल कुमार ने कहा कि निकाय चुनाव स्थानीय स्तर से जुड़ा होता है। इसलिए संवेदनशील क्षेत्रों में सजग रहने की जरूरत है। सुरक्षा तंत्र मजबूत रखें और मतदान के दौरान सक्रिय रहें। किसी बूथ पर आचार संहिता का उल्लंघन न हो। सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट प्रत्येक दो घंटे पर मतदान का प्रतिशत अवश्य उपलब्ध कराएं। मतदान के बाद सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में मतपेटिका सील करें। उन्होंने कहा कि यदि कहीं किसी प्रकार की कोई घटना घटित होती है या चुनाव आचार संहिता के नियमों का उल्लंघन हुआ तो संबंधित एसडीएम और सीओ जिम्मेदार होंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डीएम रमेश रंजन ने कहा कि पार्टी रवानगी के बाद सबसे अधिक बूथों वाले केंद्र से कार्यों की शुरुआत करें। सभी सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट सभी संबंधित का मोबाइल नंबर अवश्य सुरक्षित कर लें। उन्होंने कहा कि पार्टी रवानगी के समय या मतदान संपन्न होने के बाद वाहन यदि वाहन खराब होते हैं तो किसी अन्य वाहन का प्रयोग कतई न करें। इसकी सूचना सेक्टर मजिस्ट्रेट को दें, ताकि दूसरा वाहन उपलब्ध कराया जा सके। बैठक को एसपी धवल जायसवाल और सीडीओ गुंजन द्विवेदी ने संबोधित कर संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिया।
इस दौरान एडीएम देवीदयाल वर्मा, एएसपी रितेश कुमार, एडीएम न्यायिक उपमा पांडेय, सहायक निर्वाचन अधिकारी उप जिलाधिकारी व्यास नारायण आदि मौजूद रहे।