मथौली। मथौली-रगड़गंज मार्ग स्थित अकटहां गांव पास शनिवार की देर शाम अनियंत्रित होकर गिरे बाइक से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान रविवार की सुबह मौत हो गई। बुजुर्ग का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में चल रहा था।
शनिवार की देर शाम मथौली के अटल बिहार वाजपेयी नगर निवासी रंजीत साहनी (35), संदीप साहनी (30) और फरदहां गांव में मामा के घर रह रहे गोरखपुर निवासी हरिशचंद्र साहनी (70) एक ही बाइक से कहीं जा रहे थे। अभी वे अकटहां गांव के पास पहुंचे ही थे कि उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मौजूद लोग घायलों को मथौली सीएचसी भेजवाए, जहां हरिश्चंद्र की हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार कर डॉक्टर मेडिकल कॉलेज रविंद्रनगर रेफर कर दिया। वहां उनकी हालत में सुधार नहीं होने पर देर रात डॉक्टर बीआरीडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां इलाज के दौरन रविवार की सुबह उनकी मौत हो गई। इस संबंध में कप्तानगंज थानाध्यक्ष राजकुमार बरवार ने बताया तहरीर मिलने पर केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।