अहिरौली बाजार। अहिरौली बाजार-रामपुर झुरियां मार्ग पर बुधवार की दोपहर करीब करीब ढाई बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से साइकिल सवार एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर आई पुलिस उन्हें पिपराइच सीएचसी भेजवाई, जहां डॉक्टर उन्हें मृत घोषित कर दिया। अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के गांव छपिया के टोला रामनगर निवासी 55 वर्षीय रामप्रताप सिंह अहिरौली बाजार से डीजल लेकर साइकिल से घर जा रहे थे। अभी वे मुण्डेरा गांव के पास पहुंचे ही थे कि किसी वाहन की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना आई पुलिस उन्हें अहिरौली बाजार के एक निजी अस्पताल ले गई, जहां डाक्टर ने उनकी हालत गंभीर देख पिपराइच सीएचसी रेफर कर दिया। वहां पहुचने पर डॉक्टर उन्हें मृत घोषित कर दिया। अहिरौली बाजार पुलिस उनके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमाटर्म के लिए भेज दिया। इस संबंध में अहिरौली बाजार थाना प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई होगी।