विशुनपुरा सीएचसी का निरीक्षण करते सीएमओ डॉ.सुरेश पटारिया।
मंसाछापर। सीएचसी विशुनपुरा का शुक्रवार की सुबह सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने निरीक्षण किया। तीन डॉक्टर समेत आठ कर्मी अनुपस्थित पाए गए। उन्होंने नाराजगी जताई। वार्ड और परिसर में गंदगी देख एमओआईसी को फटकार लगाई। उन्होंने अस्पताल में नियमित साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया।
सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने सुबह 9:15 बजे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र विशुनपुरा पहुंचे और सबसे पहले उपस्थिति रजिस्टर देखा। तीन डॉक्टर समेत आठ कर्मचारी अनुपस्थित मिले। डॉ. अवधेश कुशवाहा, डॉ. हरिपाल विश्वकर्मा, डॉ. अंजुलता आर्या अनुपस्थित रहीं। सीएमओ ने नोटिस जारी करने का निर्देश दिया। इसके बाद लैब का निरीक्षण किया, जिसमें एलटी पूनम सत्यर्थी अनुपस्थित मिलीं। नेत्र सहायक सौरभ समीर, रमावती पांडेय, एएनएम रम्भा देवी, प्रेमलाल वर्मा भी मौके पर मौजूद नहीं मिले। सभी को नोटिस जारी कर जवाब तलब करने का निर्देश दिया। सीएमओ ने वार्ड, स्टोर, जच्चा-बच्चा केंद्र व अस्पताल के बाहर फैली गंदगी को देखकर नाराजगी जाहिर की। इस दौरान डॉ. राजकुमारी शाहू, डॉ. जिशान अलीम, चीफ फार्मासिस्ट अनिरुद्ध सिंह मौजूद रहे। सीएचसी प्रभारी डॉ. जिशान अलीम ने बताया की एक चिकित्सक डॉ. अवधेश कुशवाहा तीन दिन अवकाश पर थे। वहीं, इस संबंध में सीएमओ डॉ. सुरेश पटारिया ने बताया कि शुक्रवार की सुबह विशुनपुरा सीएचसी का निरीक्षण करने के दौरान अस्पताल परिसर में गंदगी पाए जाने पर नियमित साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया गया है। डॉक्टर व कर्मचारियों की अनुपस्थिति पर एमओआईसी को नोटिस कर जवाब मांगा गया है। सीएचसी पर उपचार कराने आने वाले मरीजों को अगर किसी तरह की कोई दिक्कत हुई तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।