संवाद न्यूज एजेंसी
पडरौना। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उत्तर प्रदेश की तरफ से मंगलवार को महानिदेशक स्कूली शिक्षा को संबोधित 22 सूत्री ज्ञापन बीएसए को सौंपा गया। शिक्षकों ने चेताया कि यदि संगठन की मांगों को शीघ्र पूरा नहीं किया गया तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
मंडल अध्यक्ष राजेश शुक्ल और जिलाध्यक्ष अविनाश शुक्ल की अगुवाई मंगलवार को बीएसए कार्यालय पहुंचे शिक्षकों ने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल करने, पद्दोन्नति करने, निशुल्क चिकित्सा बीमा सुविधा देने, ऑनलाइन जांच का विरोध समेत अन्य मांगों को पूरा करने के लिए संगठन की तरफ से कई बार मांग की गई, लेकिन शासन और प्रशासन की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे शिक्षकों में नाराजगी है। इसके बाद शिक्षक नेताओं ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा को संबोधित 22 सूत्री ज्ञापन बीएसए डॉ. राम जियावन मौर्या को सौंपा। इसमें प्रत्येक विद्यालय पर प्रधानाध्यापक पद सृजित कर पदोन्नति, स्थानांतरण, उपार्जित अवकाश, हाफ डे लीव, सामूहिक बीमा, प्रतिकर अवकाश, शिक्षामित्रों व रसोइयों के मानदेय में वृद्धि समेत अन्य मांगों को पूरा करने की मांग की।
इस दौरान जिला महामंत्री मनीष तिवारी, संगठन मंत्री अनिरुद्ध त्रिपाठी, दिनेश सिंह, रामायण यादव, वेद प्रकाश शर्मा, दिलीप पांडेय, शैलेश कुमार, अमिताभ त्रिपाठी, दिलीप सिंह पटेल, चंद्र प्रकाश दुबे, सुनील सिंह, नागेंद्र तिवारी आदि मौजूद रहे।