कसया। रामकोला-कसया मार्ग की जर्जर हालत अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। वर्षों से बदहाल पड़ी इस सड़क पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे क्षेत्रीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है। शुक्रवार को टेकुआटार पुरानी बाजार स्थित मुख्य सड़क पर सवारियों से भरा एक ई-रिक्शा गड्ढे में असंतुलित होकर पलट गया। हादसे में मालती देवी, नंदनी कुमारी, बृजेश्वर सिंह एवं अनूप मिश्रा घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तत्काल एक निजी चिकित्सक के यहां उपचार के लिए पहुंचाया गया। क्षेत्रीय लोगों का कहना है कि रामकोला-कसया मार्ग वर्षों से बदहाल पड़ा हुआ है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आए दिन लोग सड़क पर गिरकर चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की दुर्दशा को लेकर शासन-प्रशासन को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया गया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। हाल के महीनों में टेकुआटार निवासी पिंटू मद्धेशिया एवं विनय गोंड़ की हादसे में मौत भी हो चुकी है।