सलेमगढ़। तरयासुजान विद्युत उपकेंद्र से जुड़े सरेया फीडर से जुड़े गांवों में लो वोल्टेज की वजह से पंखे की चाल भी धीमी पड़ गई है। भीषण गर्मी और धूप से बच्चे, बूढ़े सभी परेशान हैं। रात की नींद भी पूरी नहीं हो पा रही है। शिकायत के बावजूद इसमें कोई सुधार नहीं हो रहा है। ओवरलोड की बात कह बिजली निगम के जिम्मेदार अपना पल्ला झाड़ ले रहे हैं।
सलेमगढ़, हफुआं, बसडीला, खुदुरा, लतवां, दाहूगंज, बहादुरपुर, सरेया खुर्द समेत 30 से अधिक गांवों के लोग लो वोल्टेज से परेशान हैं। तरयासुजान विद्युत उपकेंद्र के सरेया फीडर पर अधिक लोड होने से लोगों को परेशानी हो रही है। सलेमगढ़ के प्रधान प्रतिनिधि राजकुमार, बहादुरपुर प्रधान संतोष गुप्ता, प्रधान राम बेलास गुप्ता का कहना है कि तरयासुजान उपकेंद्र से ही सरेया फीडर को कम आपूर्ति की जा रही है। जेई महेंद्र कुमार ने कहा कि ज्यादा लोड के कारण लो-वोल्टेज हो रहा है। बार-बार बिजली उपकरण ट्रिप हो जा रहा है। इससे निजात दिलाने के लिए मशीन की क्षमता बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।