शुक्रवार को नहाने के दौरान डूब गया था किशोर
संवाद न्यूज एजेंसी
हाटा। कोतवाली क्षेत्र के पिड़रा गांव निवासी एक किशोर का शव शनिवार को मझना नाले में मिला। वह शुक्रवार को नाले में नहाते समय गहरे पानी में चला गया था। उसके डूबने की जानकारी मिलने पर हाटा और चौरीचौरा पुलिस के अलावा एसडीआरएफ की टीम खोजबीन में लगी थी।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के पिड़रा गांव के निवासी रामसकल यादव का 17 वर्षीय पुत्र सागर यादव शनिवार को स्कूटी से गांव से कुछ दूर स्थित मझना नाले के किनारे गया था। कुछ देर बाद सागर नाले में नहाने के लिए उतरा। उसी दौरान गहरे पानी में चले जाने से वहां डूब गया। आसपास के लोगों ने घरवालों को सूचना दी।
परिजनों की सूचना पर हाटा कोतवाली और चौरीचौरा थाने की पुलिस के अलावा एसडीआरएफ की टीम वहां पहुंची। देर रात तक खोजबीन की लेकिन उसका पता नहीं चल सका। शनिवार को घटनास्थल से कुछ दूरी पर लोगों ने नाले में शव देखकर शोर मचाया। मौके पर पहुंची हाटा कोतवाली की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
इस संबंध में हाटा के कोतवाल निर्भय सिंह ने बताया कि मझना नाले में शनिवार को एक किशोर का शव मिला है। परिजनों की मौजूदगी में पंचनामा बनवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।